डालनवाला मे पूर्व अधिकारी के सर्वेंट क्वार्टर में रह रहे पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से कर दी हत्या

देहरादून

उत्तराखंड की राजधानी दून के पॉश इलाके डालनवाला में वीरवार दोपहर महिला की दिनदहाड़े हत्या से सनसनी फैल गई।

आरोप है कि हत्या को उसी के पति ने अंजाम दिया, जिसे मौके से ही दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल हत्या की वजह पति पत्नी के बीच हुई कहासुनी को लेकर मामले में आरोपी से और भी एंगल से पूछताछ कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना डालनवाला क्षेत्र में हुई। यहां दून इंटरनेशनल स्कूल के सामने एक सेवानिवृत्त अधिकारी की कोठी के सर्वेंट क्वॉर्टर में मूलरूप से उत्तर प्रदेश का अयोध्या निवासी रामजी पाल पत्नी सोनू पाल और तीन बच्चों के साथ रह रहा था। बताया गया कि रामजी पाल का परिवार 3-4 महीने पहले ही यहां रहने आया था। रामजी राजमिस्त्री का काम करता है, जबकि सोनू भी नजदीक ही किसी अधिकारी की कोठी पर काम कर रही थी।

वीरवार को रामजी-सोनू के तीनों बच्चे सुबह रोज की तरह स्कूल चले गए। घर पर पति-पत्नी ही थे। इसी दौरान दोपहर दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मकान मालिक ने उनके क्वॉर्टर से चीख-पुकार सुनी तो किसी अनहोनी की आशंका में पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि सोनू पाल का शव लहू-लुहान अवस्था में पड़ा था। जबकि, रामजी भी घर में ही था। पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपी ने बताया कि उन दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। वीरवार दोपहर भी किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ तो वह आवेश में आ गया और धारदार हथियार से पत्नी पर वार कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी रामजी पाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई थी, जिसने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने बताया कि रामजी के बयान के अलावा अन्य एंगल पर भी काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *