देहरादून/लखनऊ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में कुल 29 प्रस्तावों पर विचार किया गया। इनमें से 28 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जबकि मदरसा शिक्षा से जुड़ा एक प्रस्ताव फिलहाल स्थगित कर दिया गया।
कैबिनेट ने जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुरी करने के प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी दे दी। सरकार के अनुसार यह स्थान भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में मान्यता रखता है। केंद्र सरकार से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) मिलने के बाद इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
बैठक में उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति-2026 और उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन को भी मंजूरी मिली।
सरकार ने स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए 1,000 करोड़ रुपये के स्टार्टअप फंड, प्रोटोटाइप और सीड कैपिटल सहायता तथा इनक्यूबेटरों के लिए वार्षिक अनुदान का प्रावधान किया है। साथ ही समाप्त हो चुकी डेटा सेंटर नीति को भी फिर से लागू करने का निर्णय लिया गया।
कैबिनेट ने प्रदेश के लगभग 1.60 लाख होमगार्डों और उनके आश्रितों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना लागू करने का निर्णय लिया गया। योजना के तहत पशुओं के बीमा प्रीमियम का 85 प्रतिशत सरकार और 15 प्रतिशत पशुपालक वहन करेंगे। प्राकृतिक आपदा, बीमारी या दुर्घटना से पशु की मृत्यु होने पर बीमा लाभ मिलेगा।
श्रम विभाग के प्रस्ताव के तहत वाराणसी में Employees’ State Insurance Corporation मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए निःशुल्क भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं गोरखपुर और मुरादाबाद में 100-100 बेड के ईएसआईसी अस्पताल स्थापित किए जाएंगे। मेडिकल कॉलेज की आधी सीटें श्रमिकों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी।
कैबिनेट ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की समूह ‘ख’ और ‘ग’ के पदों पर सीधी भर्ती संबंधी नियमों में संशोधन को भी मंजूरी दी।
इसके अलावा बिल्हौर में महर्षि महेश योगी इंटरनेशनल एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय, गाजियाबाद में अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय और फतेहपुर में ठाकुर युगराज सिंह विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई। साथ ही रायबरेली में उद्यान महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, गोरखपुर और मुरादाबाद नगर निगमों के लिए म्यूनिसिपल बॉन्ड तथा अन्य प्रशासनिक प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
