देहरादून
बच्चों एवं उनके शुभचिंतकों का अंतरराष्ट्रीय आंदोलन ‘नन्ही दुनिया’ ने अपनी स्थापना के 80 गौरवशाली वर्ष पूरे होने पर आयोजित दो दिवसीय उत्सव ‘जश्न-ए-बचपन’ संपन्न हो गया।
इस अवसर पर बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों, स्वयंसेवकों, पुराने साथियों, ट्रस्टियों, सदस्यों एवं शुभचिंतकों ने एकत्र होकर संस्था की आठ दशकों की यात्रा, सेवा, शिक्षा, संस्कृति, समावेशिता एवं मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण का उत्सव मनाया।
इस विशेष अवसर पर माननीय कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक 18 नवम्बर को मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके आगमन से समारोह की गरिमा एवं उत्साह और बढ़ गया।
मदन कौशिक ने नन्ही दुनिया के 80 वर्ष पूर्ण होने के इस उत्सव में शामिल होकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने संस्था के बच्चों के प्रति समर्पण एवं सामाजिक सेवा के कार्यों की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि नन्ही दुनिया की प्रेरणादायी यात्रा से अनेक लोग प्रेरित होकर आगे आएँगे, समाज के लिए योगदान देंगे और जरूरतमंदों के हित में सामाजिक कार्यों से जुड़ेंगे।
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP)पूर्णिमा गर्ग ने भी समारोह में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की और कहा कि उन्हें कार्यक्रम बेहद पसंद आया। उन्होंने नन्ही दुनिया को 80 वर्ष पूर्ण करने पर बधाई देते हुए आंदोलन की निरंतर प्रगति, सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
17 नवम्बर 1946 को देहरादून में प्रो.लेखराज उल्फ़त (1920–1991) ने एक पेड़ के नीचे आठ बच्चों के साथ कहानियाँ सुनाने और खेल खेलने की छोटी-सी पहल से नन्ही दुनिया की स्थापना की थी। वर्ष 1952 में उनकी पत्नी एच. साधना उल्फ़त भी इस मिशन से जुड़ीं। उनके समर्पण, प्रयासों और सहयोगियों की सहभागिता से यह पहल धीरे-धीरे एक सशक्त सामाजिक आंदोलन के रूप में विकसित हुई, जो देहरादून घाटी में बच्चों, महिलाओं और युवाओं के लिए विभिन्न शैक्षिक एवं सामुदायिक विकास कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यरत है। इसका उद्देश्य एक शांतिपूर्ण, टिकाऊ और समन्वित विश्व का निर्माण करना है, जहाँ सभी जीवधारी सद्भाव के साथ विकसित हो सकें।
बुधवार को कार्यक्रम की शुरुआत सूर्योदय से पूर्व पारंपरिक प्रभात फेरी से हुई। बच्चे, शिक्षक और पुराने साथी गीत गाते हुए तथा उगते सूर्य को प्रार्थनाएँ अर्पित करते हुए इस यात्रा में शामिल हुए। इसके बाद सर्वधर्म प्रार्थना और हवन हुआ।
विद्यालय की एक पुरानी परंपरा के अनुसार प्रत्येक प्रतिभागी अपने साथ सजाया हुआ माचिस का डिब्बा लाया, जिसमें प्रचलन में सबसे छोटी मुद्रा रखी गई। यह प्रतीकात्मक परंपरा छोटे योगदान के महत्व, सामूहिक सहभागिता और साझा जिम्मेदारी का संदेश देती है।
इस अवसर पर नन्ही दुनिया की मुख्य प्रवर्तक किरण यू. गोयल ने सभी सहयोगियों, शुभचिंतकों, अभिभावकों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं बच्चों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने आंदोलन की प्रगति में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता एवं सहयोग को महत्वपूर्ण बताया l
कार्यक्रम में बच्चों ने नन्ही दुनिया की 80 वर्ष की यात्रा का परिचय प्रस्तुत किया। आलोक उल्फ़त ने संस्थापक प्रोफेसर लेखराज उल्फ़त एवं साधना उल्फ़त की आठ दशकों की प्रेरणादायी यात्रा पर प्रकाश डाला।
नन्ही दुनिया विकास नगर केंद्र के बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।
4 से 6 वर्ष के बच्चों ने गढ़वाली नृत्य, 8 से 10 वर्ष के बच्चों ने जौनसारी नृत्य तथा 9 से 15 वर्ष के बच्चों ने भक्तिमय हनुमान चालीसा प्रस्तुत की। इन प्रस्तुतियों का निर्देशन नन्ही दुनिया की सांस्कृतिक निदेशक सात्विका गोयल ने किया। विकास नगर केंद्र के कई बच्चे ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं। इनमें से अनेक सात्विका गोयल के नेतृत्व में पोलैंड में आयोजित ‘ब्रेव किड्स इंटरनेशनल कल्चरल फेस्टिवल’ में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
कार्यक्रम में रंगशाला की प्रस्तुति के बाद नन्ही दुनिया के शैक्षिक समन्वयक आलोक उल्फ़त के निर्देशन में नाटक ‘अंधेर नगरी चौपट राजा’ का मंचन हुआ। इसमें चार वर्ष एवं उससे अधिक आयु के बच्चों ने भाग लिया, जिनमें विशेष आवश्यकता वाले, बधिर एवं मूक बच्चे और विशेष
वर्गों के बच्चे भी शामिल थे। सामान्य श्रवण क्षमता वाले बच्चों ने भी उनके साथ मंच साझा किया।
यह प्रस्तुति संस्था की समावेशिता, समान अवसर और समानता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
युवा कलाकारों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों ने भी प्रस्तुति में सहयोग दिया।
हास्य और व्यंग्य के माध्यम से नाटक ने न्याय, विवेक, जिम्मेदारी और नैतिक साहस का संदेश दिया। प्रस्तुतियों के लिए वेशभूषा एवं मंच सामग्री शिक्षकों, स्वयंसेवकों और बच्चों ने मिलकर प्रेमपूर्वक तैयार की।
इस अवसर पर नन्ही दुनिया की आठ दशकों की यात्रा, गतिविधियों एवं उपलब्धियों को दर्शाती एक विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसे आगंतुकों ने देखा और संस्था के इतिहास एवं कार्यों से परिचित हुए।
समारोह के दौरान ‘सेतु – चाइल्ड एनेबलिंग फंड’ के लिए सहयोग की अपील को भी दोहराया गया। यह पहल जरूरतमंद बच्चों के लिए शिक्षा के अवसर सृजित करने और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में काम करने का उद्देश्य रखती है।
नन्ही दुनिया के 80 वर्ष बच्चों के प्रति समर्पण, सेवा, करुणा और सामूहिक सहभागिता की यात्रा के साक्षी हैं। ‘जश्न-ए-बचपन’ केवल अतीत का उत्सव नहीं, बल्कि इस विश्वास की पुनः पुष्टि है कि प्रत्येक बच्चे को सीखने, बढ़ने, आगे बढ़ने और अपनी क्षमताओं को विकसित करने का अवसर मिलना चाहिए। इस उत्सव ने एक बार फिर बचपन की खुशियों, समानता और सद्भाव के उस संदेश को सामने रखा, जिसके लिए यह आंदोलन आठ दशकों से कार्यरत है।
80 वर्ष सेवा, करुणा और समर्पण की यात्रा जारी है।
कार्यक्रम में यशोदा मनराल, बी.एस. मनराल, दीपा मेहरोत्रा, नीलिमा गर्ग, मालती शर्मा, रोहित शुक्ला, शुभी मेहरोत्रा, वी.के. गोयल, नीलम मिश्रा, उर्मिला ठाकुर, गुंजन सेठी, नितिन बंसल, सुमित गर्ग, रवीना सदोला, डॉ. कामरा, अनुराग एवं निथया शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन मनु ने किया। विदेशी मेहमानों ने भी इस उत्सव का भरपूर आनंद लिया। बच्चों के लिए विशेष दावत का आयोजन कर उत्सव में रौनक बढ़ाने हेतु सुमित खंडेलवाल का विशेष आभार व्यक्त किया गया।
शाम को दीपमालिका का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण दीपों की रोशनी और उल्लास से जगमगा उठा।
नन्ही दुनिया के 80वें स्थापना दिवस समारोह पर दक्षिण भारतीय अभिनेता एवं निर्देशक राघव आनंदरा का हमारे बीच आगमन हमारे लिए बेहद खुशी की बात रही। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया और उनकी शानदार प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने इस अवसर को और भी खास बना दिया।

