देहरादून नगर निगम में मनोनीत पार्षदों ने ली मेयर सौरभ से पद एवं गोपनीयता की शपथ – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

देहरादून नगर निगम में मनोनीत पार्षदों ने ली मेयर सौरभ से पद एवं गोपनीयता की शपथ

देहरादून

नगर निगम देहरादून में सोमवार को प्रातः 11 बजे मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल मेयर सौरभ थपलियाल ने सभी मनोनीत पार्षदों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के दौरान पार्षदों ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा नगर के विकास, जनहित और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।

समारोह के उपरांत मेयर सौरभ थपलियाल ने सभी मनोनीत पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर के समग्र विकास में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पार्षद जनता और नगर निगम प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उनका दायित्व है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, नागरिकों की आवश्यकताओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रशासन के समक्ष रखें तथा उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करें।

मेयर सौरभ ने कहा कि देहरादून को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और विकसित शहर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों तथा नगर निगम प्रशासन को आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करना होगा। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, कूड़े के उचित निस्तारण, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्रों के विकास और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रमुख उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्रों की समस्याओं के प्रति सजग रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

मेयर सौरभ ने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय से नगर के विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा नागरिकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने सभी पार्षदों से जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने और देहरादून को स्वच्छ एवं विकसित शहर बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपेक्षा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *