राज्य की पहली महिला विधान सभा अध्यक्ष बनेंगी ऋतु खंडूड़ी

देहरादून

कोटद्वार विधानसभा सीट से भाजपा विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी ऋतु खंडूड़ी भूषण राज्य की पांचवीं विधानसभा में अध्यक्ष की भूमिका निभाएंगी।

भाजपा ने उन्हें विधानसभा अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाने का बड़ा फैसला लिया है। ऋतु खंडूड़ी भूषण विधानसभा अध्यक्ष बनने वाली राज्य की पहली महिला विधायक होंगी।

वह पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की पुत्री हैं। ऋतु खंडूड़ी भूषण चौथी विधानसभा में पौड़ी गढ़वाल जिले की यमकेश्वर सीट से विधायक थीं। इस बार उन्हें भाजपा ने कोटद्वार सीट से प्रत्याशी बनाया। पिछली बार कोटद्वार से चुनाव जीतकर कैबिनेट मंत्री बने डा हरक सिंह रावत को भाजपा ने चुनाव से पहले निष्कासित कर दिया था, जिसके बाद वह कांग्रेस में लौट गए।

अंतिम समय में टिकट मिलने के बावजूद ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कोटद्वार सीट पर जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी को पराजित किया।

इस विधानसभा चुनाव में पुरुषों की अपेक्षा महिला मतदाताओं के अधिक मतदान और भाजपा की लगातार दूसरी बार जीत के बाद मंत्रिमंडल में महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही थी। यहां तक कि मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रूप में भी ऋतु खंडूड़ी भूषण का नाम चर्चाओं में रहा।

राज्य बनने के बाद पहली बार कोई महिला विधायक विधानसभा में स्पीकर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *