देहरादून
अंकिता भंडारी मामले में उनकी चौथी बरसी पर जगह जगह श्रद्धांजलि दी गई।
देहरादून से लेकर पौड़ी जिले स्थित वन्नत्रा रिज़ॉर्ट तक कांग्रेस के साथ कई संगठनों ने सभाएं प्रदर्शन किए।
वहीं उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में शुक्रवार शाम को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से कैंडल मार्च निकाला गया। इससे पूर्व कांग्रेसजन ने अंकिता की स्मृति में ‘न्याय का दीप’ जलाकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर ज्योति रौतेला ने कहा कि चार वर्ष बीत जाने के बाद भी अंकिता को पूर्ण न्याय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि अंकिता के मामले में वीवीआईपी एंगल की जांच को लेकर सीबीआई जांच की बात सामने आई है, लेकिन प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि जांच अब तक कहां पहुंची है और इसकी प्रगति के बारे में सरकार एवं संबंधित एजेंसियां स्पष्ट जानकारी कब देंगी सभी सवाल 4 साल बाद भी अनुत्तरित हैं।
ज्योति रौतेला ने कहा,अंकिता केवल एक नाम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की हर बेटी की आवाज है। उसकी चौथी बरसी पर हम संकल्प लेते हैं कि जब तक उसके परिवार को पूर्ण न्याय नहीं मिलता और मामले से जुड़े सभी अनुत्तरित सवालों के जवाब सामने नहीं आते, महिला कांग्रेस अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि चार वर्ष का समय बीत जाना अपने आप में बेहद गंभीर विषय है।
डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि सीबीआई जांच को लेकर प्रदेश की जनता के मन में स्वाभाविक रूप से यह सवाल है कि जांच कहां तक पहुंची है और उसका निष्कर्ष क्या है।
उन्होंने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसकी न्याय की लड़ाई को किसी दल या राजनीति तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। यह उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों से जुड़ा सवाल है।
इस दौरान पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर अध्यक्ष जसविंदर गोगी, महानगर महिला अध्यक्ष उर्मिला थापा , प्रवक्ता प्रतिमा सिंह, प्रवक्ता सुजाता पॉल, अभिनव थापर, ब्लॉक अध्यक्ष अनीता सकलानी, पार्षद अरविंद गुप्ता, पार्षद आयुष गुप्ता, विधानसभा अध्यक्ष/उपाध्यक्ष गौरव रावत जी, आशा मनोरमा शर्मा, पुष्पा पवार, विदित प्रसाद भट्ट एवं अंजू भारती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
