पंडित हर गोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा में दो माह से फिजिशियन न होना गंभीर चिंता का विषय..संजय पांडे – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

पंडित हर गोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा में दो माह से फिजिशियन न होना गंभीर चिंता का विषय..संजय पांडे

देहरादून/अल्मोड़ा

पंडित हर गोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा में पिछले लगभग दो माह से फिजिशियन चिकित्सक उपलब्ध न होने को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं आर.टी.आई. एक्टिविस्ट संजय कुमार पाण्डे ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इस संबंध में माननीय राज्यपाल, मुख्य सचिव एवं महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को पत्र भेजकर जिला चिकित्सालय में रिक्त दोनों फिजिशियन पदों पर तत्काल चिकित्सकों की नियुक्ति किए जाने की मांग की है।

संजय कुमार पाण्डे ने कहा कि जिला मुख्यालय स्थित प्रमुख चिकित्सालय में लगभग दो माह से फिजिशियन का न होना अपने आप में कई गंभीर सवाल खड़े करता है। जिला चिकित्सालय में तैनात फिजिशियन डॉ. हरीश आर्य के स्थानांतरण के बाद अभी तक उनके स्थान पर किसी नए फिजिशियन की नियुक्ति नहीं की गई है। इसका सीधा असर मरीजों की चिकित्सा व्यवस्था पर पड़ रहा है।

संजय पाण्डे ने बताया कि इस गंभीर जनहित के मुद्दे को लेकर उन्होंने पिछले दिनों जिलाधिकारी, अल्मोड़ा तथा मुख्य चिकित्साधिकारी, अल्मोड़ा से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की कमी और इससे मरीजों को हो रही परेशानियों के संबंध में विस्तृत चर्चा की थी। उन्होंने अधिकारियों के समक्ष तत्काल फिजिशियन की व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता भी रखी थी।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में भी वर्तमान में मात्र एक फिजिशियन प्रो. अशोक कुमार के कार्यरत होने के कारण मरीजों का दबाव और अधिक बढ़ रहा है। ऐसे में जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की व्यवस्था न होना स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाता है।

संजय पाण्डे ने कहा कि यह हजारों मरीजों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर जनहित का मामला है। जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध कराना शासन एवं स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि यदि इस गंभीर जनहित के मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो स्थानीय जनता को साथ लेकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *