भारत की बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में अंतराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रही हैं….राज्यपाल बेबीरानी मौर्य – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

भारत की बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में अंतराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रही हैं….राज्यपाल बेबीरानी मौर्य

देहरादून/आगरा

राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने आगरा में आयोजित महिला सीनियर नेशनल रेस्लिंग चैम्पियनशिप 2020 के अवसर बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने महिला कुश्ती खिलाड़ियों से बातचीत की तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

जिला कुश्ती संघ आगरा को महिला सीनियर नेशनल रेस्लिंग चैम्पियनशिप आयोजित करने हेतु बधाई देते हुए राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि आशा है कि इस कुश्ती प्रतियोगिता के आयोजन से प्रतिभावान महिला कुश्ती खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

खेल-कूद की व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका है। एक ऐसा समय भी था जब खेेल-कूद केवल लड़कों के लिये माना जाता था। लेकिन अब समाज में बहुत परिवर्तन आ चुका है। भारत में खेलों के क्षेत्र में महिलाओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। महिला खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अनेक कीर्तिमान स्थापित किये है। अपने परिवार, समाज और देश को सम्मान दिलाया है। मैरी कॉम, साइना नेहवाल, कर्णम मल्लेश्वरी जैसी महिला खिलाड़ियों पर पूरे देश को गर्व है। कुश्ती के क्षेत्र में फोगाट बहनों गीता, बबीता और विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और अलका तोमर जैसी खिलाड़ियों ने दुनियाभर में भारत का नाम रोशन किया है। आज भारत महिला कुश्ती क्षेत्र में एक वैश्विक शक्ति बन चुका है।

राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि विद्यालय स्तर से ही बालिकाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद के लिये भी प्रोत्साहित करना आवश्यक है। आज राष्ट्र के निर्माण एवं प्रगति में महिलाएं पुरूषों के समान योगदान दे रही है। महिलाएं बहुत सी चुनौतियों को सामना करके अपनी मेहनत तथा लगन के साथ हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक, खेल-कूद सहित सभी क्षेत्रों में नए-नए कीर्तिमान स्थापित किये हैं। भारत की बहुत सी बेटियों ने विभिन्न क्षेत्रों में अन्र्तराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है।

महिलाओं के सर्वांगीण विकास हेतु परिवार के साथ ही समाज के सभी लोगों को मिलजुल कर प्रयास करने होंगे। वास्तव में महिलाओं को शिक्षा के माध्यम से ही सशक्त किया जा सकता है। बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं अभियान इस दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने सभी लोगों से अपील की कि समाज में महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिये बेटियों को शिक्षा के साथ-साथ सभी क्षेत्रों में प्रोत्साहित करे। यदि उन्हें खेलों में रूचि है तो उनका उचित मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्द्धन करे।

इस अवसर पर जिला कुश्ती संघ आगरा के पदाधिकारी, कुश्ती महिला खिलाड़ी, अन्य गणमान्य तथा सैकड़ों की संख्या में दर्शक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *