देहरादून/उत्तरकाशी
विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट भैया दूज के पावन पर्व पर बुधवार को पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद हो गए। बुधवार की सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर शुभ मुहूर्त में कपाट बंद होने के साथ इस वर्ष की यमुनोत्री यात्रा का समापन हो गया।
इस दौरान पूरा धाम मां यमुना के जयकारों से गुंजायमान रहा कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली को फूलों से सजाकर शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली गांव के लिए रवाना किया गया इस मौके पर समारोह में शनिदेव महाराज की डोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उल्लेखनीय है कि धार्मिक परंपरा के अनुसार शनिदेव महाराज अपनी बहन यमुना को लेने यमुनोत्री धाम पहुंचे। जहां उन्होंने यमुना नदी में स्नान किया और मां यमुना के साथ विशेष पूजा-अर्चना में शामिल हुए। सुबह से ही धाम में धार्मिक अनुष्ठान जारी थे। तीर्थ पुरोहितों ने विधिवत पूजन के बाद शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट बंद किए। इसके बाद मां यमुना की उत्सव मूर्ति को डोली में विराजमान कर शनिदेव महाराज की डोली के साथ खरसाली के लिए जयकारों के साथ रवाना किया गया।
यमुनोत्री मंदिर समिति के सह सचिव गौरव उनियाल ने बताया कि अगले छह माह तक मां यमुना की नियमित पूजा-अर्चना खरसाली स्थित शीतकालीन मंदिर में होगी। जहां श्रद्धालु मां के दर्शन कर सकेंगे।
चारधाम यात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर है। अब 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा संपन्न हो जाएगी।