स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देने के लिए प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ और राज्य सरकार एकजुट,संघ ने की स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात बोले बेहतर समन्वय से ही मजबूत होगी प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देने के लिए प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ और राज्य सरकार एकजुट,संघ ने की स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात बोले बेहतर समन्वय से ही मजबूत होगी प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था

देहरादून

प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के लिए सरकार और प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के बीच तालमेल लगातार मजबूत होता नजर आ रहा है। इसी क्रम में संघ के पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और आगामी अधिवेशन में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की मांगों पर हमेशा सकारात्मक रुख अपनाया है और आगे भी संघ की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचें, विशेष रूप से पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने संघ से अपील करते हुए कहा कि चिकित्सक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करें, ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार चिकित्सकों की कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। अस्पतालों में सुविधाओं का विस्तार, संसाधनों की उपलब्धता और मानव संसाधन की मजबूती पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सशक्त होंगी और एक मॉडल के रूप में उभरेंगी।

संघ के पदाधिकारियों ने इस अवसर पर चारधाम यात्रा सहित प्रदेश के हर क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन चिकित्सक हर परिस्थिति में सेवा देने के लिए तैयार हैं। आमजन को बेहतर और समय पर उपचार उपलब्ध कराना ही उनका प्रमुख उद्देश्य है।

प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के अध्यक्ष डॉ रमेश कुंवर ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना एक सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार और चिकित्सकों के बीच बेहतर समन्वय से ही स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को नई दिशा दी जा सकती है।

आगामी अधिवेशन में संघ स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार को लेकर ठोस सुझाव रखेगा और चिकित्सक हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता के साथ करेंगे। डॉ कुंवर ने आगे कहा कि संघ का आगामी अधिवेशन स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इसमें विशेषज्ञों और चिकित्सकों के अनुभवों के आधार पर ऐसे सुझाव सामने आएंगे, जो नीति निर्माण में सहायक होंगे और जमीनी स्तर पर बदलाव लाने में मदद करेंगे।

संघ के महासचिव डॉ यशपाल तोमर ने कहा कि प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ प्रदेश के हर क्षेत्र तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों की टीमें दूरस्थ इलाकों में भी सक्रिय रूप से सेवाएं दे रही हैं और भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य जारी रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि अधिवेशन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल होगी।

इस अवसर पर महिला उपाध्यक्ष डॉ गरिमा भट्ट, संयुक्त सचिव डॉ नितिन मलिक एवं उपाध्यक्ष डॉ विनय शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *