अखिल भारतीय स्टेट बैंक स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) के आह्वान पर आगामी 25 और 26 मई की दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल स्थगित – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

अखिल भारतीय स्टेट बैंक स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) के आह्वान पर आगामी 25 और 26 मई की दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल स्थगित

देहरादून

अखिल भारतीय स्टेट बैंक स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) के आह्वान पर आगामी 25 और 26 मई 2026 को होने वाली दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को आधिकारिक तौर पर स्थगित कर दिया गया है।

बैंक प्रबंधन और फेडरेशन के शीर्ष नेतृत्व के बीच हुई सकारात्मक द्विपक्षीय वार्ता के बाद मांगों पर सर्वसम्मति बन गई है, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया है ।

उपमहासचिव कमल तोमर ने बताया कि सरकार के उप-मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) की मध्यस्थता और द्विपक्षीय वार्ताओं के दौर के बाद 22 मई 2026 को मुंबई स्थित कॉर्पोरेट केंद्र में प्रबंधन के साथ बैठक अत्यंत सकारात्मक रही ।

वार्ता के मुख्य सकारात्मक परिणाम और समझौते इस प्रकार रहा..

मेसेंजर एवं सशस्त्र गार्ड की भर्ती: प्रबंधन ने मेसेंजर संवर्ग की भर्ती को सैद्धांतिक मंजूरी देते हुए सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है और सशस्त्र गार्डों की नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति दे दी है ।

NPS कर्मचारियों के लिए नया निवेश पैटर्न: एनपीएस के तहत कर्मचारियों को बेहतर रिटर्न देने के लिए एक नई योजना “स्टेट बैंक एनपीएस स्कीम (SBNS)” बनाई जाएगी और निवेश पैटर्न बदलने की अनुमति होगी ।

इंटर सर्कल ट्रांसफर (ICT) की बहाली: प्रबंधन वर्ष 2019 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए पति-पत्नी (Spouse) के स्थानांतरण और अत्यंत गंभीर मानवीय आधार (Compassionate grounds) पर इंटर सर्कल ट्रांसफर फिर से शुरू करने पर सहमत हो गया है ।

आउटसोर्सिंग पर अंकुश: भारतीय स्टेट बैंक में आउटसोर्सिंग के मामले में भारत सरकार के दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाएगा ।

कैरियर प्रोग्रेशन स्कीम: कर्मचारियों के लिए 28 वर्ष की सेवा के बाद अतिरिक्त वित्तीय लाभ के साथ ‘पासिंग इन-चार्ज’ (Passing In-Charge) का नया पद सृजित किया जाएगा।

अन्य लाभ: आवश्यकता आधारित नियमित स्टाफ भर्ती , चिकित्सा योजना (Medical Scheme) की समीक्षा और रिटायर्ड कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया गया है ।

फेडरेशन के केंद्रीय नेतृत्व ने इस अभूतपूर्व सफलता पर बैंक के माननीय चेयरमैन चल्ला श्रीनिवासुलु सेट्टी और मानव यू संसाधन प्रबंधन दल के सकारात्मक रुख के प्रति आभार व्यक्त किया है ।

एसबीआईएसए उपमहासचिव श्री कमल तोमर ने कर्मचारियों को उनके अनुशासित सहयोग, अटूट एकता और आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया है । आगे उन्होंने यह बताया कि यह साबित हो गया है कि जब कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता और अनुशासन के साथ एकजुट होते हैं, तो हर न्यायोचित मांग को सफलतापूर्वक हासिल किया जा सकता है । हड़ताल वापस होने के बाद अब 25 और 26 मई को बैंक में कामकाज सामान्य रूप से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *