डेंगू भागने को 4 दिन देहरादून जिले में चलेगा संयुक्त रूप से महाअभियान, हॉटस्पाट बन रहे इलाकों से होगी अभियान की शुरूआत… डॉ आर राजेश कुमार – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

डेंगू भागने को 4 दिन देहरादून जिले में चलेगा संयुक्त रूप से महाअभियान, हॉटस्पाट बन रहे इलाकों से होगी अभियान की शुरूआत… डॉ आर राजेश कुमार

देहरादून

सचिव स्वास्थ्य डॉ आर राजेश कुमार ने राज्य सचिवालय में सोमवार को डेंगू नियंत्रण हेतु वर्चुअल रूप से समीक्षा बैठक ली।

बैठक में जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ विनीता शाह, निदेशक चिकित्सा शिक्षा आशुतोष सयाना, मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून डॉ संजय जैन, निदेशक राज्य संचरण परिषद डॉ अजय नगरकर, कार्यक्रम अधिकारी एनएचएम डॉ पंकज सिंह सहित जनपद देहरादून के नगर स्वास्थ्य अधिकारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

राज्य के अन्य जनपदों के मुकाबले देहरादून में डेंगू के मामले ज्यादा देखने को मिल रहे हैं।

सचिव स्वास्थ्य ने इस मामले को लेकर जिलाधिकारी देहरादून सोनिका से पूरा फीडबैक लेने के साथ ही डेंगू हॉट स्पाट बन रहे इलाको को लेकर भी बात की। तय किया गया कि सभी विभागों के सामूहिक प्रयासों से अगले चार दिन देहरादून जनपद में डेंगू को लेकर महाअभियान चलेगा।

 

*चिकित्साधिकारी व आशायें चलायेंगी घर-घर जन जागरूकता अभियान*

जनपद में चिकित्साधिकारी और आशाओ को घर-घर जन जागरूकता की जिम्मेदारी सौंपी गई, साथ ही कहीं डेंगू का लार्वा होने की स्थिति में उसको नष्ट करने का काम भी करेंगी। इसके साथ ही आम जनमानस को डेंगू की विस्तृत जानकारी को चिकित्साधिकारी देने का काम करेंगे।

 

*डेंगू नियत्रंण को सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी*

स्वास्थ्य सचिव ने डेंगू महामारी रोकने को सभी विभागों को संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश जारी किये हैं। स्वास्थ्य, नगर निगम, शिक्षा, लोकनिर्माण, पेयजल सहित सभी विभागों को मिलकर कार्य करने को कहा गया है। जिन स्थानों पर चेतावनी के पश्चात् भी पानी जमा होने से डेंगू मच्छर पैदा होने की स्थितियां उत्पन्न हो रही हैं, उन संस्थानों व लोगों पर आर्थिक दण्ड का प्रावधान किया जाये ताकि जनहित में डेंगू रोग के खतरे से लोगों को बचाया जा सके व महामारी का रूप लेने से रुक सके।

 

*आवासीय समितियों से सहयोग की अपील*

स्वास्थ्य सचिव ने जनपद की सभी स्वंय सेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, आवासीय समितियों से आग्रह किया है कि वह आगे बढ़कर डेंगू मुक्ति अभियान का हिस्सा बनें। सभी समितियां अपने-अपने इलाकों में आम जनमानस को जागरूक करने के साथ ही यदि कहीं डेंगू का लार्वा है तो उसे खत्म करने का प्रयास करें या फिर नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचित करें। सामूहिक प्रयासों से डेंगू के खतरे से लोगों को बचाया जा सकता है और इसे रोका जा सकता है।

 

*माइक्रो प्लान बनाकर रोस्टर अनुसार फॉगिंग*

स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने नगर निगम को निर्देशित किया कि डेंगू रोग को महामारी का रूप लेने से रोकने के लिए नगर निगम/नगर निकाय माइक्रो प्लान बनाकर रोस्टर अनुसार फॉगिंग करें। ताकि प्रत्येक क्षेत्र में फॉगिंग एवं स्वच्छता अभियान चलाया जा सके। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू के हॉट स्पॉट चिन्हित कर निरन्तर स्वच्छता अभियान एवं नियंत्रण संबंधी कार्यवाही तुरंत की जाये जिससे डेंगू के मच्छरों को पनपने से रोका जा सके और आम जनमानस को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *