देहरादून/ कुमाऊं मंडल
भारत के कई शहरों के साथ ही उत्तराखंड में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच नदियों और जलधाराओं में नहाने पहुंच रहे युवाओं के लिए लापरवाही जानलेवा साबित हो रही है। पिछले मात्र 24 घंटे के भीतर कुमाऊं मंडल में दो अलग-अलग नदी हादसों में चार युवक डूब गए। इनमें अल्मोड़ा जिले में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चंपावत जिले के टनकपुर में शारदा नदी में डूबे दो युवकों की तलाश जारी है।
जबकि अल्मोड़ा जिले के देवस्थल क्षेत्र के समीप कोसी नदी में नहाने गए पांच दोस्तों का घूमने-फिरने का कार्यक्रम मातम में बदल गया। मंगलवार को सभी युवक नदी में नहा रहे थे, तभी दो युवक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में फंस गए।
साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश अवश्य की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
स्थानीय ग्रामीणों दयाल सिंह मेहता और प्रवीण मेहता ने भी बिना देर किए नदी में छलांग लगाकर दोनों युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
मृतकों की पहचान सोनू कनवाल (26) पुत्र महेंद्र सिंह कनवाल निवासी दुगालखोला, अल्मोड़ा और धीरज गड़िया (37) निवासी मोटाहल्दू, हल्द्वानी (मूल निवासी बागेश्वर) के रूप में हुई है।
ग्राम प्रधान प्रवीण मेहता के अनुसार दोनों युवकों को तैरना नहीं आता था। एक युवक के डूबने पर उसे बचाने गया दूसरा युवक भी हादसे का शिकार हो गया। सोनू अमेजॉन में कार्यरत था, जबकि धीरज ऑनलाइन कार्य करता था। दोनों की असमय मौत से परिवारों में गहरा शोक है।
जबकि चंपावत जिले के टनकपुर के बूम क्षेत्र में भी मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। शारदा नदी में नहाने उतरे दो युवक अचानक गहरे पानी में समा गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने अभियान शुरू किया।
नदी में डूबे युवकों की पहचान नैतिक सक्सेना (18) पुत्र वीर बहादुर सक्सेना निवासी वार्ड नंबर-3 टनकपुर तथा तरुण सक्सेना (20) पुत्र बाबूराम सक्सेना निवासी वर्मा लाइन, टनकपुर के रूप में हुई है। समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं लग पाया था और नदी में तलाश अभियान जारी था।
इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन के साथ ही पुलिस और SDRF ने युवाओं से नदी-नालों में नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।