उत्तराखंड पीसीसी ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खड़गे की जनसभा के बाद शुद्धिकरण यज्ञ प्रकरण पर राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन, सरकार की चुप्पी चिंताजनक.. प्रीतम सिंह

देहरादून

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने हल्द्वानी में बीती 8 अगस्त 2026 को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण यज्ञ प्रकरण को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

विधायक एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि यदि किसी सार्वजनिक स्थल को किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर “अशुद्ध” बताकर उसका कथित शुद्धिकरण किया गया, तो यह संविधान, सामाजिक न्याय और समानता की भावना के विरुद्ध अत्यंत गंभीर मामला है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्यसभा में इस मामले की जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक दोषियों के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। पार्टी का कहना है कि भाजपा सरकार की यह चुप्पी सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।

कांग्रेस ने राज्यपाल से मांग की है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों की पहचान कर भारतीय न्याय संहिता और अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में जातिगत भेदभाव और सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाले ऐसे कृत्यों पर सख्ती से रोक लगाई जाए।

प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां छुआछूत तथा जातिगत भेदभाव जैसी मानसिकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।

ज्ञापन देने वालों में प्रीतम सिंह अध्यक्ष चुनाव अभियान समिति, डॉ हरक सिंह रावत प्रदेश अध्यक्ष चुनाव प्रबंधन समिति, जोत सिंह गुनसोला पूर्व विधायक, शूरवीर सिंह सजवान पूर्व मंत्री नव प्रभात पूर्व मंत्री,मदन बिष्ट विधायक, विक्रम सिंह नेगी विधायक, मनोज रावत पूर्व विधायक, ज्योति रौतेला प्रदेश महिला अध्यक्ष, गोदावरी थापली प्रदेश कोषाध्यक्ष, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरादसौनी, मदनलाल प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जाति विभाग, करनल राम रतन नेगी प्रदेश अध्यक्ष पूर्व सैनिक विभाग, आरेंद्र शर्मा पूर्व प्रदेश महामंत्री, सूर्यकांत धस्माना उपाध्यक्ष, लालचंद शर्मा उपाध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस कमेटी आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *