उत्तराखंड पुलिस ने पकड़ी हथियारों की बड़ी खेप, 8 तमंचे और 10 जिंदा कारतूस के साथ एक अंतर्जनपदीय तस्कर गिरफ्तार

देहरादून/हल्द्वानी

नैनीताल पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजनपदीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 8 अवैध तमंचे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरफ्तारी किसी बड़े हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश कर सकती है। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित सैनी, थाना चोरगलिया पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार 27 जून की रात चोरगलिया क्षेत्र स्थित एमवीआर गेट पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर गलफार गेट की ओर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध युवक को घेरकर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके बैग से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रियासत (30 वर्ष), पुत्र रईस अहमद, निवासी नकुलिया, थाना सितारगंज, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना चोरगलिया में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

बरामदगी…

2 देशी तमंचे (12 बोर)

6 देशी तमंचे (315 बोर)

10 जिंदा कारतूस।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ये हथियार कहां से लाता था, किन लोगों तक सप्लाई करता था और उसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई और अहम खुलासे होने की संभावना है।

इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली थाना चोरगलिया और एसओजी की संयुक्त टीम की सराहना करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने टीम को ₹2,500 नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *