देहरादून/हल्द्वानी
गौला नदी में खनन कार्य में लगे वाहन स्वामियों ने बुधवार को अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान वाहन स्वामियों ने उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया।
वाहन स्वामियों ने परिवहन विभाग तथा वन विकास निगम की ओर से लागू किए जा रहे नए नियमों पर नाराजगी व्यक्त की।
प्रदर्शन कर रहे वाहन स्वामियों का कहना है कि वे लंबे समय से गौला नदी में खनन वाहनों का संचालन कर रहे हैं, लेकिन हर साल परिवहन विभाग और वन विकास निगम की ओर से उन पर नए-नए नियम लागू किए जा रहे हैं। इससे वाहन स्वामियों पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से वाहनों के स्वामित्व परिवर्तन की मांग उठाई जा रही है, लेकिन जिला प्रशासन की ओर से अब तक इस मांग को पूरा नहीं किया गया है। वाहन स्वामियों का आरोप है कि एक ओर उनकी पुरानी मांगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है, वहीं दूसरी ओर नए नियम लागू कर आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।
वाहन स्वामियों ने मांग की कि गौला नदी में खनन वाहनों का संचालन पूर्व की भांति किया जाए। उनका कहना है कि हर साल नए नियम और अतिरिक्त आर्थिक भार डालना उनके उत्पीड़न से कम नहीं है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया और पूर्व की तरह वाहनों का संचालन सुनिश्चित नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मांगें पूरी न होने की स्थिति में गौला नदी के किसी भी गेट पर खनन कार्य नहीं होने दिया जाएगा।