कलेस्ट्रेट परिसर में मिली कार के भीतर एडवोकेट की खून सनी लाश, पुलिस ने बरामद किया सुसाइड नोट, हाल ही में बेचा था 1 करोड़ का मकान मात्र 35 लाख में – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

कलेस्ट्रेट परिसर में मिली कार के भीतर एडवोकेट की खून सनी लाश, पुलिस ने बरामद किया सुसाइड नोट, हाल ही में बेचा था 1 करोड़ का मकान मात्र 35 लाख में

देहरादून/नैनीताल

नैनीताल कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पार्किंग में खड़ी एक कार के अंदर अधिवक्ता का खून से सना शव मिला।

इस अप्रत्याशित घटना से न्यायालय परिसर में काम कर रहे अधिवक्ताओं और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

सोमवार को अभी कलेक्ट्रेट और जिला न्यायालय परिसर खुला ही था और रोजमर्रा की तरह कामकाज चल ही रहा था।

इसी दौरान करीब साढ़े 11 बजे पार्किंग क्षेत्र से गुजर रहे कुछ अधिवक्ताओं की नजर एक कार पर पड़ी, जिसके अंदर एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में पड़ा दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर पता चला कि कार में लॉन्ग व्यू कंपाउंड निवासी अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी खून से लथपथ भीतर पड़े हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर जुट गए। बताया जा रहा है कि मृतक के हाथ में पिस्टल थी, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान वाहन के बोनट से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नोट में किसी बीमारी से परेशान होने का जिक्र किया गया है।सूत्रों के मुताबिक सुसाइड नोट में अधिवक्ता ने अपनी गंभीर बीमारी से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात कही है। उन्होंने अपने पत्र में कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी और एसएसपी से पत्नी का ख्याल रखने की अपील भी की है। ताकि वह कोई गलत कदम न उठाएं। हालांकि पुलिस ने अभी तक सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

अधिवक्ता ने कुछ दिन पहले अपना करोड़ का मकान 35 लख रुपए में बेच दिया था। फिलहाल वह अपनी पत्नी के साथ ₹15000 महीने किराए के मकान में रह रहे थे।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वहीं, मिलनसार स्वभाव के अधिवक्ता द्वारा इस तरह का कदम उठाए जाने से उनके परिचित और साथी गहरे सदमे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *