हल्द्वानी में हुए सड़क हादसे में तेज रफ्तार टैंकर ने रिटायर्ड फौजी को कुचलकर मार डाला, पहिया उसके ऊपर से गुजरा, कैंटर चालक फरार

देहरादून/हल्द्वानी

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

शुक्रवार को हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर हुए एक दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार और बेकाबू कैंटर ने बाइक सवार एक रिटायर्ड फौजी को कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 47 वर्षीय शमशेर सिंह, निवासी गंगापुर कबड़वाल के रूप में हुई है। बताया गया कि वह हल्द्वानी से मोटाहल्दू स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गन्ना सेंटर के पास रुद्रपुर की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि शमशेर सिंह सड़क पर गिर पड़े और कैंटर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर टीपी नगर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फरार चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

गौरतलब है कि हल्द्वानी में बीते कुछ दिनों के दौरान सड़क हादसों में लगातार जानें जा रही हैं। बरेली रोड पर हाल के दिनों में हुई दुर्घटनाओं में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार बढ़ रहे हादसों के बीच हाईवे पर बेतरतीब कट और ओवरस्पीड वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग भी तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *