बद्रीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामले में पुलिस ने अब पूर्व टेंपल अधिकारी राजेंद्र चौहान को किया गिरफ्तार – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

बद्रीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामले में पुलिस ने अब पूर्व टेंपल अधिकारी राजेंद्र चौहान को किया गिरफ्तार

देहरादून/चमोली

उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित हेराफेरी मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदिर के पूर्व अधिकारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर लिया है।

लंबी पूछताछ के बाद की गई इस गिरफ्तारी से मामले की जांच और तेज हो गई है। पुलिस शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश करेगी।

एसआईटी ने राजेंद्र चौहान को पूछताछ के लिए जोशीमठ से बद्रीनाथ बुलाया था। कई घंटों तक चली गहन पूछताछ के बाद जांच टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसियों का कहना है कि अब तक जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल की तरह ही राजेंद्र चौहान की भूमिका भी चढ़ावे की राशि में कथित हेराफेरी के मामले में संदिग्ध पाई गई है। इसी जांच के आधार पर एसआईटी ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

गौरतलब है कि राजेंद्र चौहान 30 जून को टेंपल अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी गिरफ्तारी के साथ ही इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

एसआईटी की जांच के दौरान चढ़ावा गणना कक्ष के सीसीटीवी फुटेज की भी गहन पड़ताल की गई है। जांच में कुछ अन्य संदिग्ध लोगों की मौजूदगी भी सामने आई है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी लोगों से पूछताछ या गिरफ्तारी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *