आप के कर्नल कोठियाल भाजपा में दो दर्जन आप पदाधिकारियों और सैकड़ो समर्थकों समेत शामिल,भाजपा दे सकती है बड़ी जिम्मेदारी

देहरादून

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा बने कर्नल अजय कोठियाल ने समर्थकों के साथ मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली। इस दौरान आप के कार्यकारी अध्यक्ष रहे भूपेश उपाध्याय ने भी भाजपा का दामन थाम लिया।

मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में कर्नल कोठियाल और आप कार्यकर्ताओं की ज्वाइनिंग को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कर्नल कोठियाल और भूपेश उपाध्याय को पार्टी का पटका पहनाया। उनके साथ आप के 24 पदाधिकारी,सात सौ से ज्यादा कार्यकर्ता और कई पूर्व सैनिक भाजपा में शामिल हुए।

कौशिक ने कहा कि कर्नल कोठियाल और उनके समर्थकों के आने से भाजपा को प्रदेश में और मजबूती मिलेगी। उन्हें पार्टी में समाहित करते हुए निश्चित ही हम आगे बढ़ेंगे।

सीएम धामी ने कहा कि आज मैं एक सैनिक पुत्र भारतीय जनता पार्टी में एक पूर्व सैनिक का स्वागत करते हुए गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। कहा कि भाजपा हमेशा से सैनिकों का सम्मान करती रही है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सैनिकों के हितों के लिए कई काम हुए हैं। दावा किया कि आम आदमी पार्टी का पूरे देश से सफाया होगा, इसकी शुरूआत उत्तराखंड से हो गई है।

कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि कई बार हम भावनाओं में फैसले ले लेते हैं, लेकिन बीच में लगता है कि फैसला सही नहीं था, तो यह एक समझदारी है। कहा कि आज हम सही जगह आए हैं। हमारी टीम उत्तराखंड की तरक्की के लिए काम करेगी और पार्टी का साथ निभाएगी। ऐलान किया कि वह पूर्व सैनिकों के साथ चंपावत उपचुनाव में भी अपना योगदान देंगे।

आम आदमी पार्टी को छोड़ने के बाद बीजेपी में शामिल लोगों में कई ऐसे लोग भी शामिल रहे जो विधानसभा चुनाव में आप के टिकट पर मैदान में थे। इनमें नवीन पिरशाली, योगेंद्र सिंह चौहान, उत्तम सिंह भंडारी, गुड्डू लाल, भरत सिंह आदि प्रमुख थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.