![](https://www.swastik-mail.in/wp-content/uploads/2024/07/300x250-1.jpeg)
देहरादून
धामी सरकार ने उत्तराखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान शुक्रवार को वित्तीय वर्ष 2021-22 का दूसरा अनुपूरक बजट पेश किया।
अनुपूरक बजट 1353 करोड़ का है। इसके अलावा सरकार ने उत्तराखंड चार धाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को समाप्त करने के लिए सदन में विधेयक पेश किया गया।
विधानसभा सदन की कार्यवाही में प्रश्न काल के दौरान विपक्ष ने रोजगार के मुद्दे पर वॉक आउट किया। प्रश्नकाल में बेरोजगारी के आंकड़ों को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए। नेता विपक्ष प्रीतम सिंह और विधायक काजी निजामुद्दीन ने सरकार पर बेरोजगारों को गुमराह करने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार ने 2020 में कहा था 10 लाख को रोजगार दे दिया गया। अब सदन में कहा गया है कि सात लाख को रोजगार दिया गया है। उन्होंने सदन में गलत जानकारी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस देने की चेतावनी भी दी।
सरकार ने आठ विधेयक पटल पर रखे
गुरुवार से शुरू हुए सत्र के दूसरे दिन शुक्रवार को सरकार ने अपना सरकारी कामकाज निपटाया । सदन में उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन विधेयक 2021 समेत आठ विधेयक पटल पर सरकार ने रखे।हाल ही में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में देवस्थानम प्रबंधन अधिनियम को समाप्त करने का निर्णय लिया गया था।
इसके अलावा सरकार नजूल भूमि पर फ्री होल्ड का अधिकार देने के लिए भी सदन में बिल पेश किया। इस बिल के तहत सरकार नजूल भूमि को फ्री होल्ड करने के लिए नीति को लागू करेगी।
शुक्रवार को सदन में ये 8 विधेयक पेश हुए…
👉उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन निरसन विधेयक, 2021
👉उत्तराखंड पंचायती राज द्वितीय संशोधन विधेयक, 2021
👉आम्रपाली विश्वविद्यालय के विधेयक, 2021
👉उत्तराखंड नजूल भूमि प्रबंधन व्यवस्थापन एवं निस्तारण विधेयक 2021
👉सोसाइटी रजिस्टरीकरण उत्तराखंड संशोधन विधेयक, 2021
👉उत्तराखंड (उत्तरप्रदेश) लोक सेवा (अधिकरण)(संशोधन) विधेयक 2021
👉उत्तराखंड सिविल विधि संशोधन विधेयक, 2021
👉उत्तराखंड कृषि उत्पाद मंडली, विकास एवं विनियमन पुनर्जीवित विधेयक 2021..