रिलायंस ज्वेल्स लूट में शामिल मुख्य आरोपी प्रिंस को दून पुलिस ने उसके घर वैशाली बिहार से किया अरेस्ट,2 लाख के इनामी को ट्रांजिट रिमांड पर लायेंगे दून

देहरादून

दून की रिलायंस ज्वेल्स में पड़ी डकैती के मुख्य आरोपितों में एक प्रिंस कुमार आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दून पुलिस और एसटीएफ ने बिहार पुलिस के सहयोग से आरोपित को बिहार के वैशाली स्थित पैतृक घर से गिरफ्तार किया।

आरोपित प्रिंस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। प्रिंस के दो साथी विक्रम व अभिषेक पुलिस पहले ही पकड़ चुकी है। राज्य स्थापना दिवस के मौके पर नौ नवंबर को जिस दिन राष्ट्रपति मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। इसी का लाभ उठाते हुए इन आरोपितों ने

दिनदहाड़े दून के राजपुर रोड स्थित रिलायंस ज्वेल्स में करोड़ों की डकैती को अंजाम दिया। हालांकि लूट प्रकरण में अभी तक नौ आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें तीन मुख्य आरोपित और छह सह आरोपित हैं। जबकि डकैती में शामिल रहे दो अन्य आरोपित अभी भी फरार हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि इस घटना में शामिल मुख्य आरोपित प्रिंस समेत अन्य की गिरफ्तारी के लिए उन्होंने बिहार जाकर एडीजी एसटीएफ बिहार व एसएसपी वैशाली के साथ बैठक कर समन्वय बनाया। इसकी जांच के दौरान डकैती में लिप्त सुबोध गैंग के संबंध में मिल रही महत्वपूर्ण जानकारियों को बिहार एसटीएफ व पुलिस के साथ साझा किया। दून पुलिस ने डकैती के मुख्य आरोपितों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके अलावा दून पुलिस की – विभिन्न टीमें बिहार व बंगाल में लगातार दबिश दे रही थीं। मंगलवार को बिहार पुलिस के साथ मिलकर मुख्य आरोपित प्रिंस कुमार पुत्र शिवनाथ सिंह निवासी पानापुर, दिलावरपुर जिला वैशाली, बिहार को वैशाली से गिरफ्तार कर लिया।

देहरादून पुलिस ने आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाने की तैयारी कर रही है। इस डकैती प्रकरण में पुलिस अभी तक प्रिंस समेत कुल नौ आरोपितों को दबोच चुकी है। डकैती के समय शोरूम में मौजूद विक्रम व अभिषेक भी शामिल थे। राहुल और अविनाश अभी फरार चल रहे हैं। जबकि गिरफ्तार नौ में से छह सह आरोपित हैं, जिन्होंने घटनास्थल पर मौजूद मुख्य आरोपितों का सहयोग किया है। प्रिंस भी मुख्य आरोपितों में भी शामिल है। आरोप है कि प्रिंस भी स्वयं डकैती के दौरान शोरूम में मौजूद था और उसने ही सभी बदमाशों को हथियार सप्लाई किए थे। प्रिंस का कहना है कि शोरूम से लूटी गई सारी ज्वेलरी फरार आरोपित राहुल और अविनाश के पास ही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.