उत्तराखंड के पूर्व डीजीपी आईपीएस अशोक कुमार खेल विवि राई में कुलपति नियुक्त,1 मार्च को करेंगे पदभार ग्रहण

देहरादून/हरियाणा

उत्तराखंड के डीजीपी रहे अशोक कुमार 1989 बैच के यूपी कैडर के आईपीएस 20 नवंबर 2023 को सेवानिवृत्त होने के उपरांत 1 मार्च को राई खेल विवि में कुलपति का कार्यभार संभालेंगे।

यहां के वीसी एसएस देशवाल ने हाल ही में त्यागपत्र दे दिया था। आईपीएस अशोक कुमार पानीपत के रहने वाले हैं। सोनीपत में पढ़ाई की है।

हरियाणा के सोनीपत में राई स्थित प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय में अब उत्तराखंड के सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक आईपीएस अशोक कुमार को कुलपति नियुक्त किया गया है। वह 1 मार्च को विश्वविद्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। वह 20 नवंबर, 2023 को उत्तराखंड में डीजीपी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। राई खेल विवि के पहले कुलपति एसएस देशवाल ने कुछ दिन पहले ही इस्तीफा दिया था। दो दिन पहले ही उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया गया।

प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने राई स्थित मोतीलाल नेहरू खेलकूद स्कूल के कैंपस में ही प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय बनाया था। इसमें सबसे पहले विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रहे पूर्व क्रिकेटर कपिल देव को कुलपति बनाया था। हालांकि उन्होंने नियुक्ति नहीं ली थी।

इसके बाद दिसंबर 2022 में आईटीबीपी से सेवानिवृत्त पूर्व महानिदेशक एसएस देशवाल को कुलपति बनाया गया था। उनके पद से इस्तीफा देने के बाद उत्तराखंड के सेवानिवृत्त डीजीपी अशोक कुमार को कुलपति बनाया गया है। खेल विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र चल रहा है।

शुरुआती दौर में ढांचागत रूप से विकसित किए जा रहे खेल विवि में अभी काफी काम किया जाना है। ऐसे में कुलपति पद को ज्यादा दिन खाली नहीं रखा जा सकता है शायद इसीलिए इस्तीफा मंजूर होने के दो दिन में ही ऑप्शन ढूंढ लिया गया।

बताते चलें कि नवनियुक्त कुलपति अशोक कुमार पानीपत के गांव कुराना के मूल निवासी हैं। उनकी उच्च शिक्षा सोनीपत के हिंदू महाविद्यालय से हुई है। कुलपति बने अशोक कुमार राष्ट्रपति अवाॅर्ड से भी सम्मानित हो चुके हैं। वह तीन साल तक बीएसएफ में तो एक साल तक सीआरपीएफ में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। 1989 बैच के आईपीएस अशोक कुमार को उत्तर प्रदेश कैडर मिला था। वर्ष 2000 में उत्तराखंड राज्य का गठन होने पर वह यही रहे।

खेल विवि के कुलपति एसएस देशवाल के इस्तीफे को मंजूर किए जाने के बाद सेवानिवृत्त उत्तराखंड के सेवानिवृत्त डीजीपी आईपीएस अशोक कुमार को कुलपति नियुक्त किया गया है। -नवदीप सिंह विर्क, प्रधान सचिव, खेल विभाग हरियाणा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.