देहरादून/उत्तरकाशी
गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक ओर भाजपा नेता विजयपाल सजवाण ने मंगलवार को जनपद उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र की पट्टी गमरी स्थित ग्राम कटकाण (चौपड़धाम, उत्तर द्वारिका) में आयोजित एक वर्षीय,“गौ प्रतिष्ठा संकल्प सिद्धि अनुष्ठान एवं दिव्य धेनु मानस गौकथा” में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय संत गोपालमणी महाराज के श्रीचरणों में नमन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा दिव्य धेनु मानस गौकथा का श्रवण किया। साथ ही महाराज जी के सुपुत्र एवं सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य सीता शरण जी का सानिध्य एवं आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि गौसेवा, धर्म संरक्षण एवं सनातन संस्कृति के संवर्धन के लिए समर्पित यह आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ-साथ नई दिशा प्रदान करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूज्य गोपालमणि महाराज जी विगत कई वर्षों से गौ माता को “राष्ट्र माता” का सम्मान दिलाने के संकल्प के साथ देशभर में जनजागरण अभियान चला रहे हैं। इसी पवित्र उद्देश्य की सिद्धि हेतु वे पिछले एक वर्ष से चौपड़धाम में कठोर साधना एवं गौ प्रतिष्ठा अनुष्ठान में निरंतर संलग्न हैं।
उन्होंने कहा कि गुरुदेव का तप, त्याग, समर्पण और राष्ट्र एवं धर्म के प्रति उनका चिंतन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके नेतृत्व में संचालित यह अभियान केवल गौ संरक्षण का ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और मानवीय मूल्यों के संरक्षण का भी महाअभियान है।
पूर्व विधायक ने कहा कि वे स्वयं को इस दिव्य संकल्प से जुड़ा हुआ महसूस करते हैं तथा गौ माता को राष्ट्र माता का सम्मान दिलाने के इस महान उद्देश्य की पूर्ति के लिए पूज्य गुरुदेव एवं उनके लाखों श्रद्धालुओं के साथ हर परिस्थिति में सदैव खड़े रहने का संकल्प लेते हैं।
इस अवसर पर उनके साथ श्री 5 मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष अशोक सेमवाल, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष खुशहाल नेगी, जिला पंचायत प्रतिनिधि अनिल रावत, पूर्व प्रधान चिन्याली खुशपाल चंद रमोला, नगरपालिका चिन्यालीसौड़ में सभाषद सिद्धार्थ नौटियाल सहित विभिन्न प्रांतों से आये श्रद्धांलु भक्त उपस्थित रहे।
