गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा को लेकर पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण के नेतृत्व में जिलाधिकारी से की मुलाकात – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा को लेकर पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण के नेतृत्व में जिलाधिकारी से की मुलाकात

देहरादून/उत्तरकाशी

गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने आज विकासखंड भटवाड़ी के पंचायत प्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी श्री प्रशांत आर्य से भेंट कर गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की वर्तमान स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की।

इस दौरान उन्होंने गणेशपुर से लेकर लालढांग सैंज तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार पत्थर गिरने की घटनाओं को गंभीर बताते हुए मार्ग पर सुरक्षात्मक उपाय, सुरक्षा जाल (नेट), बैरियर व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि हाल ही में लाटा गांव का एक युवा गणेशपुर के नेड़ा नामक पहाड़ी के पास स्कूटी से गुजरते समय अचानक पत्थर गिरने की घटना में असामयिक काल का ग्रास बन गया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

सजवाण ने कहा कि मार्ग पर वनाग्नि की घटनाओं एवं पर्याप्त सुरक्षात्मक व्यवस्थाओं के अभाव के कारण क्षेत्रीय लोगों में भारी रोष है। साथ ही उन्होंने आगामी यात्रा सीजन को देखते हुए गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए मार्ग के अविलंब सुधारीकरण एवं सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने की मांग भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी।

इस पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर ज्ञापन देने वालों में विकासखंड भटवाड़ी की ज्येष्ठ उपप्रमुख मीरा, कनिष्ठ उपप्रमुख योगेश डंगवाल, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष रमेश नेगी, ग्राम प्रधान नेताला राकेश सेमवाल, प्रधान प्रतिनिधि हीना उत्तम कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य आकाश नेगी (लाटा), कुशाल राणा (साल्ड), कमलेश कुमार, प्रेमकांत सेमवाल, सुदेश रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *