अंकित भंडारी और दुष्यंत गौतम मामले में नारों के साथ महिला कांग्रेस ने किया घंटाघर पर पुतला दहन – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

अंकित भंडारी और दुष्यंत गौतम मामले में नारों के साथ महिला कांग्रेस ने किया घंटाघर पर पुतला दहन

देहरादून

उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में आज घंटाघर, देहरादून में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने तथा दुष्यंत गौतम को बर्खास्त करने की मांग को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान दशहरे के अवसर पर रावण के प्रतीकात्मक स्वरूप में दुष्यंत गौतम का पुतला दहन कर भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पूरे देश में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार इस मामले में ठोस कार्रवाई करने से बचती नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है और इस मामले में जनता के सामने स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।

श्रीमती रौतेला ने कहा कि दुष्यंत गौतम को अभी तक सीबीआई द्वारा क्लीन चिट दिए जाने की जानकारी नहीं है, इसके बावजूद उन्हें राज्यपाल नियुक्त किए जाने को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गंभीर आरोपों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय अपने लोगों को संरक्षण देती नजर आती है। इस तरह की कार्यप्रणाली समाज में गलत संदेश देती है और न्याय की अपेक्षा रखने वाले लोगों के विश्वास को कमजोर करती है।

उन्होंने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। ऐसे अवसर पर महिला कांग्रेस ने प्रतीकात्मक पुतला दहन कर यह संदेश दिया है कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के सवाल पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा और जब तक पीड़ित पक्ष को न्याय नहीं मिलता, तब तक महिला कांग्रेस अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

इस अवसर पर महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला ढोंडियाल, नंदिता गढ़िया, अनुराधा तिवारी, विनीत प्रसाद भट्ट, सिद्धार्थ अग्रवाल, स्वयं रावत, तेजस्वी राणा, अभिनव वृष्टि, मुकेश बसेड़ा, अभिनव कपालिया, संगीता शर्मा, जैसी लक्ष्मी, सोनिया, अनीता सकलानी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *