स्वच्छता ही सेवा अभियान एवं बस्ता रहित दिवस के अंतर्गत फूलचंद नारी शिल्प गर्ल्स इंटर कॉलेज में मंडाला आर्ट वर्कशॉप, स्वच्छता शपथ सम्पन्न

देहरादून

बस्ता रहित दिवस के अवसर पर फूलचंद नारी शिल्प गर्ल्स इंटर कॉलेज, देहरादून में आर्ट एंड क्राफ्ट विषय के अंतर्गत मंडाला आर्ट वर्कशॉप का आयोजन किया गया। छात्राओं ने पहली बार इस विशिष्ट कला की बारीकियों को जाना और सीखा।

दुबई स्थित विद्यालय की छात्रा निष्ठा चौबे ने छात्राओं को मंडाला आर्ट से परिचित कराया तथा इस कला की कार्यशाला का सफल संचालन किया। बस्ता रहित दिवस के अंतर्गत अन्य अनेक रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।

छात्राओं ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण का संकल्प लिया। नगर निगम, देहरादून के सहयोग से स्वच्छता शपथ एवं पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मोना बाली ने कहा कि बस्ता रहित दिवस विद्यार्थियों की रुचि के अनुरूप रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा उनके मानसिक तनाव को कम करने की दिशा में एक सशक्त एवं सार्थक पहल है।

इसी क्रम में “स्वच्छता ही सेवा – स्वच्छ देहरादून अभियान” के अंतर्गत विद्यालय में प्रेरणादायक स्वच्छता जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड संख्या 67 के पार्षद अर्जुन सोनकर उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं एवं विद्यालय परिवार को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छ देहरादून के निर्माण हेतु शपथ दिलाई।

अपने संबोधन में अर्जुन सोनकर ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने छात्राओं से अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नगर निगम, देहरादून के सुपरवाइजर बृज मोहन एवं उनकी टीम के सदस्यों ने भी सहभागिता करते हुए स्वच्छता अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला तथा छात्राओं को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मोना बाली ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाओं शान्ति बिष्ट, सीमा सिंह, रेनू जोशी, शीतल, सुजाता, शर्मिला एवं पूनम कन्नौजिया सहित अन्य शिक्षिकाओं ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए बस्ता रहित दिवस एवं स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं एवं उपस्थित जनों ने स्वच्छ देहरादून, स्वच्छ भारत, पर्यावरण संरक्षण तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने “मेरा विद्यालय – मेरा शहर – मेरी जिम्मेदारी” के प्रेरक संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *