पुलिस ने किया हल्द्वानी के गोरा पड़ाव में लूट और डकैती का खुलासा,2 बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार,मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

पुलिस ने किया हल्द्वानी के गोरा पड़ाव में लूट और डकैती का खुलासा,2 बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार,मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर

देहरादून/हल्द्वानी

गोरापड़ाव क्षेत्र में हुई लूटकांड -डकैती की सनसनीखेज वारदात का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंशप्रीत और रखवीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 66 हजार रुपये की नकदी, एक पिस्टल, एक तमंचा और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोरापड़ाव क्षेत्र में बदमाशों ने हथियारों के बल पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में मिले सुरागों के साथ-साथ तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत क्षेत्र से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपियों से घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर डकैती में शामिल अन्य लोगों और घटना की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, मामले का कथित मास्टरमाइंड यश सिडाना अभी फरार है। इसके अलावा घटना में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह में शामिल आरोपी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *