देहरादून
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शिक्षा व्यवस्था में सुधार की अन्य महत्वपूर्ण मांगों को लेकर रविवार को एस.एफ.आई. (स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) उत्तराखंड राज्य कमेटी के नेतृत्व में परेड ग्राउंड, कनक चौराहा, देहरादून में एक विशाल प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस आंदोलन को विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक व छात्र संगठनों का व्यापक समर्थन मिला।
प्रदर्शन में सी.आई.टी.यू., डी.वाई.एफ.आई., जनवादी महिला समिति, आम आदमी पार्टी, इंसानियत मंच, पी.एस.एम., उत्तराखण्ड आन्दोलनकारी संयुक्त परिषद तथा चेतना आन्दोलन के प्रतिनिधियों ने सक्रिय हिस्सेदारी की। सभी संगठनों ने एक स्वर में छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की ।
इस अवसर पर पर्यावरणविद, रंगकर्मी कलाकार,जनसरोकारों से जुडे पत्रकार मौजूद थे।
एस.एफ.आई. के प्रदेश अध्यक्ष नितिन मलेठा ने कहा कि “मंत्री का इस्तीफा मात्र पहला कदम है, जब तक एनटीए जैसी नाकाम संस्थाएं और केंद्रीकृत परीक्षा प्रणाली समाप्त नहीं होती, छात्रों का संघर्ष जारी रहेगा।”
प्रदर्शन के बाद एस.एफ.आई. नेतृत्व ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में मुख्य रूप से निम्न मांगें रखी गई हैं..
1. एनटीए (राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी) को समाप्त किया जाए।
2. परीक्षा प्रणाली का विकेंद्रीकरण किया जाए।
3. सीबीएसई परीक्षाओं में ओएसएम (वन-शिफ्ट मूल्यांकन) प्रणाली को समाप्त किया जाए।
4. एनईईटी और सीबीएसई से जुड़े घोटालों की स्वतंत्र न्यायिक जाँच हो।
5. राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 को समाप्त किया जाए ।
इस अवसर पर एस.एफ.आई. राज्य सचिव शैलेन्द्र परमार ने कहा कि देश के युवा अब और इंतजार नहीं करेंगे। केंद्र सरकार को तत्काल सार्थक कदम उठाने चाहिए।
स्थानीय प्रशासन द्वारा इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की गई और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई। एस.एफ.आई. नेतृत्व ने भविष्य में भी इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने और आंदोलन को और व्यापक बनाने की बात कही है ।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार त्रिलोचन भट्ट, पर्यावरणविद अनूप नौटियाल, रंगकर्मी सतीश धौलाखण्डी, फिल्म अभिनेत्री बबीता, महिला नेता इन्दु नौडियाल, उमा सिसोदिया, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष लेखराज, उपाध्यक्ष अभिषेक भण्डारी, संयुक्त सचिव अंजलि सेमवाल,छात्र नेता हिमांशु चौहान,कनिका,सुप्रिया,इंसानियत मंच के हरिओम पाली, पीएस एम के विजय भट्ट, कमलेश, इन्देश नौटियाल,समीर आयुष इसरायल अरसलन अब्दुल उमर मुकुल हैप्पी गुरमीत साक्षी ज्योत्सना, विप्लव अनन्त, अनन्त आकाश, नुरैशा, अनिताआदि सैकड़ो की संंख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद रहे।

