देहरादून
SFI केंद्रीय कार्यकारिणी (CEC) के आह्वान पर SFI देहरादून जिला कमेटी द्वारा गांधी पार्क, देहरादून में ‘मेरा शहर, मेरा जंतर-मंतर’ विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। प्रदर्शन में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचार, अंकिता भंडारी मामले में न्याय तथा लोकतांत्रिक जवाबदेही के सवालों को प्रमुखता से उठाया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला अध्यक्ष प्रियंका द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य वक्ता एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष साथी लेखराज ने की। उन्होंने छात्र-युवा समुदाय से अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
इसके बाद जिला सचिव साथी अयाज ने अपने संबोधन में कहा कि मोदी सरकार ने “बहुत हुआ महिला पर अत्याचार, अबकी बार मोदी सरकार” जैसे नारों के साथ सत्ता हासिल की थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाओं में कमी आने के बजाय लगातार गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। ।
DAV उपाध्यक्ष शैलेंद्र ने अपने संबोधन में अंकिता भंडारी मामले को उठाते हुए कहा कि अंकिता को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने मामले से जुड़े विधायक पर भी सवाल उठाए और कथित तौर पर वापस किए गए पैसे को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करने की बात कही।
26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया, जो 26 जनवरी 1950 से लागू हुआ। संविधान दिवस का उद्देश्य केवल ऐतिहासिक तिथि याद करना नहीं, बल्कि संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
डॉ. आंबेडकर की अध्यक्षता वाली प्रारूप समिति ने दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान तैयार किया।
वक्ताओ ने कहा है कि संविधान सामूहिक विवेक और संघर्ष का परिणाम है; इसकी प्रस्तावना आत्मा है, जो संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य और न्याय, स्वतंत्रता, समानता व बंधुत्व के आदर्श देती है।
वक्ताओं ने कहा है कि अनुच्छेद 32 और 21 नागरिकों को अन्याय व तानाशाही के खिलाफ खड़े होने की शक्ति देते हैं, वर्तमान चुनौतियों में लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता पर प्रश्न, असहमति पर प्रहार, बढ़ती सांप्रदायिकता और संघवाद का ह्रास बताया गया है,किसान, मजदूर और वंचित वर्गों के अधिकार संविधान के आर्थिक-सामाजिक न्याय और कल्याणकारी राज्य की परिकल्पना से जुड़े हैं।वक्ताओं ने कहा है कि अधिकारों के साथ अनुच्छेद 51A के मौलिक कर्तव्यों का बोध भी जरूरी है।
संगोष्ठी का समापन राज्य महामंत्री शैलेन्द्र परमार ने किया।
इस मौके पर डीएवी छात्र संघ उपाध्यक्ष सोनाली नेगी, रोबिन, पमिट, गिरीश, एचएनबी छात्र संघ कोषाध्यक्ष योगेश आदि शामिल रहे।
