विधि विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालूओं के बीच खुले 51 क्विंटल फूलों से सजे केदारनाथ मंदिर के कपाट,पहली पूजा सीएम धामी की मौजूदगी में पीएम मोदी के नाम से की गई – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

विधि विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालूओं के बीच खुले 51 क्विंटल फूलों से सजे केदारनाथ मंदिर के कपाट,पहली पूजा सीएम धामी की मौजूदगी में पीएम मोदी के नाम से की गई

देहरादून/रुद्रप्रयाग

केदारनाथ के द्वार खुले

51 क्विंटल फूलों से सजे बाबा के दरबार के कपाट खोल दिये गए, सीएम धामी की मौजूदगी में पहली पूजा पीएम मोदी के नाम से की गई।

हिमालय की गोद में विराजमान भगवान शिव के ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार, 22 अप्रैल 2026 को सुबह ठीक 8 बजे पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलने के ऐतिहासिक क्षण पर मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्री केदार’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। परंपरा के अनुसार, पहली विशेष पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई।

 

कपाट खुलने की प्रक्रिया सुबह 5 बजे से ही शुरू हो गई थी। रावल भीमाशंकर लिंग, मुख्य पुजारी टी. गंगाधर और वेदपाठियों ने गर्भगृह में प्रवेश कर बाबा का अभिषेक किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा केदार के चरणों में शीश नवाकर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि बाबा केदार का धाम भारतीय आध्यात्मिक विरासत का सबसे बड़ा प्रतीक है और राज्य सरकार यात्रियों की सुगम यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। धामी ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे देवभूमि के आतिथ्य सत्कार का सम्मान करें और यात्रा के दौरान प्रशासन का सहयोग करें।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि 19 अप्रैल को श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में भगवान भैरवनाथ की पूजा हुई। जबकि बाबा केदार की पंच मुखी डोली 20 अप्रैल को श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से केदारनाथ धाम प्रस्थान हुई विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए पैदल मार्ग से बीते मंगलवार शाम को श्री केदारनाथ धाम पहुंची थी ।

बताते चलें कि पिछले साल 2025 के दौरान 51 लाख से ज्यादा यात्रियों के रिकॉर्ड किया गया, इस साल प्रशासन को और भी ज्यादा भीड़ की उम्मीद है। हालांकि अब तक करीब 20 लाख श्रद्धालु यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं।

इस बार मंदिर परिसर के भीतर मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है, ताकि मंदिर की मर्यादा बनी रहे।

आज कपाट खुलने के अवसर पर पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर,बीकेटीसी सदस्य महेन्द्र शर्मा, प्रह्लाद पुष्पवान डा. विनीत पोस्ती केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी धर्माधिकारी औंकार शुक्ला, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण,सहित बड़ी संख्या यें तीर्थ पुरोहितगण, हकहकूकधारी, तथा तीर्थयात्री मौजूद रहे।

बता दें कि उत्तराखंड चारधामों में इस यात्रा वर्ष श्री बदरीनाथ धाम के कपाट कल गुरुवार 23 अप्रैल को प्रात: सवा छ: बजे खुलेंगे। तथा श्री गंगोत्री यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया 19अप्रैल को खुल चुके है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *