गोरापड़ाव हल्द्वानी के 19 अगस्त को हुए डकैती कांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, 1.40 लाख की नकदी समेत दो तमंचे भी बरामद – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

गोरापड़ाव हल्द्वानी के 19 अगस्त को हुए डकैती कांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, 1.40 लाख की नकदी समेत दो तमंचे भी बरामद

हल्द्वानी

गोरापड़ाव में बीती 19 अगस्त को हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से लूटी हुई 1.40 लाख रुपये की नकदी, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त वर्ना कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 19 अगस्त को डायल-112 के माध्यम से गोरापड़ाव क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों द्वारा लूटपाट की सूचना मिली थी। मामले में वादी नारायण दास निवासी अंबा विहार, तीनपानी की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया था जिसके मुताबिक बदमाशों ने ऑफिस/गैरेज में घुसकर करीब 8.50 लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन तथा सोने की चेन और अंगूठियां लूट ली थीं।

घटना के खुलासे के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीमें गठित की गईं। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। मामले में कुछ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

इस क्रम में पुलिस ने 27 अगस्त 2026 को हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से साहब सिंह उर्फ साबी (27) निवासी गज्जीपुर, थाना मिलक खानम, जिला रामपुर और गुरवंत सिंह उर्फ गोपी (26) निवासी नूरपुर, थाना स्वार, जिला रामपुर को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक साहब सिंह के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, 89,700 रुपये और घटना में प्रयुक्त वरना कार बरामद हुई। वहीं गुरवंत सिंह से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 50,300 रुपये बरामद किए गए। दोनों से कुल 1.40 लाख रुपये की लूटी गई नकदी बरामद हुई है।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार दोनों गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

डकैती के खुलासे में थाना पुलिस के साथ एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस/डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल ने 2,500 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। मामले में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *