उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामलें में मानसिक तनाव मे आत्महत्या करने वाली रिया थापा के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त कर सांत्वना दी

देहरादून

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण के कारण मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या करने वाली उत्तराखंड की बेटी रिया थापा के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें सांत्वना दी।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देशभर में लगातार हो रहे परीक्षा घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से अभ्यर्थियों में निराशा और हताशा का वातावरण पैदा हुआ है। अनेक परिवार अपने बच्चों की शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कर्ज लेकर अथवा अपनी जमा-पूंजी खर्च कर रहे हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक होने से उनकी मेहनत और उम्मीदों पर पानी फिर रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश के कई युवा परीक्षा घोटालों और भविष्य की अनिश्चितता के कारण आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हुए हैं, जो अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि वह परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करे तथा पेपर लीक मामलों में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करे।

उन्होंने कहा कि देश की जनता जानना चाहती है कि आखिर पेपर लीक की घटनाएं कब तक जारी रहेंगी और युवाओं के भविष्य के साथ यह खिलवाड़ कब रुकेगा। कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकारों, उनकी मेहनत और उनके उज्ज्वल भविष्य की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की तथा सरकार से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

हालांकि इससे पूर्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा भी छात्रा रिया और सीकर के छात्र उमेश की दुखद मृत्यु पर संवेदना व्यक्त की गई है। उन्होंने माना हैं कि रिया की आत्महत्या की घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं है, बल्कि यह उस मानसिक दबाव और असुरक्षा का प्रतीक है जिससे आज लाखों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की अव्यवस्थित व्यवस्था के कारण गुजर रहे हैं। छात्रों के सपनों, संघर्षों और उनके मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्होंने इस विषय को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया है।

इस अवसर पर राजेंद्र शाह, विनीत प्रसाद भट्ट, रितेश जोशी, प्रशांत खंडूरी , सुमित राठौर आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *