देहरादून
100 वार्डों वाले नगर निगम दून के नगर आयुक्त मनुज गोयल ने वार्डों की सफाई व्यवस्था जांचने की जिम्मेदारी नगर निगम के 13 अधिकारियों को दे दी है। इसके बाद शुक्रवार को सभी अफसर सुबह शाम अपने आबंटित क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को देखने निकले। एक साथ 13 अफसरों के भिन्न-भिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण करने से नगर निगम के पर्यावरण मित्र तथा सुपरवाईजर भी अलर्ट मोड में रहे। अफसरों ने सफाई कर्मियों की उपस्थिति जांचने के साथ-साथ उनके द्वारा किये जा रहे कार्यों का निरीक्षण भी किया तथा क्षेत्रीय सुपरवाईजर से सफाई सम्बन्धी समस्याओं की जानकारी लेते हुये उन्हें समस्याओं के समाधान हेतु जरूरी दिशा-निर्देश दिये।
शहर की सफाई व्यवस्था में तैनात अधिकारियों/सफाई निरीक्षकों के बीच आपस में बेहतर दूर संचार समन्वय स्थापित करने को नगर निगम द्वारा वाॅकी-टाॅकी खरीदे जायेगें। इससे कूड़े से सम्बन्धित समस्याओं के समाधान हेतु जरूरी संदेश तुरन्त ही सम्बन्धित अधिकारी कर्मचारी को प्राप्त हो सकेगें जिससे त्वरित एक्शन लेते हुये समस्या का समाधान करवाया जा सकेगा।