कांग्रेस ने भाजपा के बूथ शक्तिकरण अभियान के दौरान भाजपा नेताओं के फूलों से बने राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का लगाया आरोप – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

कांग्रेस ने भाजपा के बूथ शक्तिकरण अभियान के दौरान भाजपा नेताओं के फूलों से बने राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का लगाया आरोप

देहरादून

उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि विगत 24 फरवरी को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में बूथ सशक्तिकरण अभियान के संदर्भ में आयोजित कार्यशाला के दौरान फूलों से तिरंगा बना कर उसे भाजपा के शीर्ष नेताओं द्वारा पैरों तले रौंदा गया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष करण माहरा ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय देहरादून में ‘‘बूथ सशक्तिकरण अभियान’’ की कार्यशाला के दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा किये गये तिरंगे के अपमान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा नेता सत्ता के मद में इतने चूर हो गये हैं कि अब वे उस तिरंगे का अपमान करने से भी नहीं चूक रहे हैं जिसे देश की आन, बान और शान माना जाता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्य सभा सांसद कल्पना सैनी एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार को सार्वजनिक रूप से इस कृत्य के लिए देश एवं प्रदेश की जनता से क्षमा मांगनी चाहिए।

करन माहरा ने कहा कि एक ओर एक फिल्म में भगवा वस्त्र पहनने पर पूरे देश में वैमनस्यता का माहौल बनाने का प्रयास किया जाता है वहीं दूसरी ओर भाजपा के नेता खुले आम देश की पहचान फूलों से बने तिरंगे को पैरों तले रौंद कर अपनी तुच्छ मानसिकता का परिचय दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य द्वार पर फूलों से बने तिरंगे की प्रतीकात्मक छवि को पैरों तले रौंदने वाले भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद और उनके वरिष्ठ पदाधिकारी है, इन तस्वीरों से भाजपा का छद्म राष्ट्रवाद और तिरंगे के प्रति सम्मान का दोहरा चरित्र उजागर होता है।

कांग्रेस मीडिया सलाहकार अमरजीत सिंह ने कहा कि भाजपा के नेताओं तथा पदाधिकारियों से तिरंगे के प्रति सम्मान की आशा करनी बेमानी है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा इस खबर को दबाने का भी प्रयास किया गया क्योंकि ये वही लोग हैं जिनके मातृ संगठन ने अपने मुख्यालय पर 52 साल तक तिरंगा नहीं फहराया। आज केवल राजनीतिक लाभ मात्र के लिए तिरंगे का सम्मान, घर-घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन करते हैं।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश चमोली ने कहा कि भाजपा ने हमेशा राष्ट्रवाद का झूठा चोला ओढ़ कर रखा है जो धीरे-धीरे सबके सामने भाजपा की पोल खोल रहा है। उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा किये गये इस कृत के लिए पूरे देश से क्षमा मांगने को कहा।

प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने कहा भारतीय जनता पार्टी जो राष्ट्रवाद की बात करती है परन्तु काम इसके उलट करती है। भाजपा कार्यालय में प्रदेश प्रभारी की उपस्थिति में तिरंगे की प्रतीकात्मक छवि को जिस प्रकार भाजपाइयों ने पैरों तले रौंदा उससे देश के आम जनमानस की भावनाएं आहत हुई हैं तथा भाजपा का तिरंगे के प्रति असम्मान परिलक्षित हुआ है यह बहुत ही अक्षम्य अपराध है जिसके लिए भारतीय जनता पार्टी को इसके लिए तुरंत सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published.