कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी से किया चुनाव का विजयी शंखनाद, बोले भाजपा से त्रस्त हो चुकी जनता बदलेगी सरकार – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी से किया चुनाव का विजयी शंखनाद, बोले भाजपा से त्रस्त हो चुकी जनता बदलेगी सरकार

देहरादून/हल्द्वानी

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला ग्राऊंड में विशाल जनसभा को संबोधित किया।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा उत्तराखंड को देवभूमि के नाम से जाना जाता है। यह वीरों की भूमि भी है और इस पावन भूमि को मैं नमन करता हूं। कहा कि कुमाऊं और गढ़वाल रेजिमेंट पूरे देश में प्रसिद्ध हैं क्योंकि इसी धरती से निकले वीर सपूत को पहला परमवीर चक्र मिला। इसलिए आप सभी गर्व से कह सकते हैं कि हम देश की रक्षा करने वाले लोग हैं।

खड़गे ने कहा आज पवित्र दिन है, क्योंकि महात्मा गांधी ने 8 अगस्त 1942 को ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन’ की शुरुआत की थी। महात्मा गांधी ने ‘करो या मरो’, ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ का नारा दिया, जिसके चलते देश की जनता एकजुट हुई और ब्रिटिश हुकूमत में डर बैठ गया। उन्होंने कहा आखिर में जनता ने अंग्रेजों को देश से भगा दिया और कितनी ख़ुशी की बात है कि आज के ही दिन यहां इतनी बड़ी जनसभा हो रही है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा और RSS पर हमला बोलते हुए कहा कि आरएसएस और भाजपा के नेता अंग्रेजों के चरणों मे बैठे रहते थे। देश की आजादी में इनका कोई योगदान नहीं है। देश की आजादी के लिए केवल कांग्रेस ने ही लड़ाई लड़ी थी। खड़गे ने कहा कांग्रेस का कार्यकर्ता किसी से डरने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास एक वॉशिंग मशीन है जो भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को धो कर फिर गले लगा लेती है। पीएम मोदी और अमित शाह ने भ्रष्टाचारियों को अपनी पार्टी में भर दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 2014 के हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने के वादे का जिक्र करते हुए कहा कि आज लाखों युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार में करीब 30 लाख पद रिक्त हैं, लेकिन उन्हें भरा नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो युवाओं को बिना सिफारिश और बिना पैसे के रोजगार देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने छात्र आंदोलनों का जिक्र करते हुए सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के हित में संघर्ष करती रहेगी

ई-20 पेट्रोल का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का बोझ आम जनता पर पड़ रहा है। महंगाई और आर्थिक परेशानियों को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया। खड़गे ने उत्तराखंड में स्कूलों के बंद होने और शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि स्कूल बंद होंगे और शिक्षकों की भर्ती नहीं होगी तो गरीब परिवारों के बच्चे कहां पढ़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां गरीबों के हित में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीबों के हित में काम करती रही है और सत्ता में आने पर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को प्राथमिकता दी जाएगी। खड़गे ने उत्तराखंड की प्रतिभा और वैज्ञानिक योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने रवि टम्टा का उदाहरण देते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने अपनी प्रतिभा और संसाधनों के बल पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के लोग झुकेंगे नहीं और अगर झुकेंगे तो देश को आगे बढ़ाने के लिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास देश और युवाओं के भविष्य को लेकर स्पष्ट विजन है। सत्ता में आने पर रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम किया जाएगा। कांग्रेस का लक्ष्य युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सम्मान और हर परिवार को उपचार उपलब्ध कराना है। 85 वर्षीय खड़गे ने अपनी उम्र का जिक्र करते हुए कहा कि वह युवाओं की तरह दौड़ नहीं सकते, लेकिन जनता का हाथ पकड़कर उसके साथ आगे बढ़ सकते हैं।

बद्रीनाथ केदारनाथ और राम मंदिर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि धर्म की बात करने वाली भाजपा ही अब चंदा चोरी में लगी हैं।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यहां की सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। लगातार पेपर लीक हो रहे हैं, भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा जनता अब भाजपा सरकार से त्रस्त हो गई है।

इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी शैलजा,नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य,अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह,ज्योति गैरोला,हरक सिंह रावत,करण माहरा के साथ पार्टी से प्रभारी, पूर्व मंत्री, विधायक, पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

वही दूसरी ओर कांग्रेस नेता यशपाल आर्य,अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह,ज्योति गैरोला समेत बहुत सारे पदाधिकारी और कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय में धरने पर बैठ नारे बाजी करते नजर आए।

इनका आरोप था कि पुलिस द्वारा रैली में पहुंच रहे कार्यकर्ताओं के वाहनों और बसों को जगह जगह रोक रही है और हल्द्वानी में अंदर प्रवेश नही करने दे रही है। जिससे कार्यकर्ता रैलीस्थल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *