अल्मोड़ा के रवि टम्टा ने हवा में उड़ाई कार, इंडिया में उड़ने वाली पहली कार के सफल परीक्षण पर सीएम धामी ने की बधाई प्रेषित

देहरादून

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के युवा इनोवेटर रवि टम्टा ने ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल करके भारत की पहली स्वदेशी सिंगल-सीटर उड़ने वाली कार (पर्सनल फ्लाइंग व्हीकल) का सफल उड़ान परीक्षण कर लिया है। उन्होंने इस अत्याधुनिक फ्लाइंग कार का नाम ‘हपिडा स्काईनेक्स’ (HAPIDA SKYNEX) रखा है, जिसको अपने स्टार्टअप Hapida Sky Private Limited के तहत विकसित किया है।

बताते चलें कि अगस्त 2026 में अल्मोड़ा के एक मैदान में प्रशासनिक और सुरक्षा इंतजामों के बीच रवि ने खुद इस वाहन में बैठकर लाइव डेमो दिया और हवा में उड़ान भरकर इतिहास बना दिया है। इस ऐतिहासिक परीक्षण पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने भी रवि को सोशल मीडिया के माध्यम से विशेष बधाई प्रेषित की है।

रवि ने बताया कि हपिडा स्काईनेक्स पूरी तरह से बिजली से चलने वाला (eVTOL) पर्सनल एयर व्हीकल है, जिसमें एक व्यक्ति के बैठने की जगह रखी गई है। इस मल्टी-रोटर ड्रोन तकनीक को अपग्रेड और मॉडिफाई करके तैयार किया गया है। जिसमें हवा में संतुलन बनाए रखने के लिए 8 रोटर्स लगाई गई हैं। रवि टम्टा के मुताबिक, इस इनोवेशन का मुख्य उद्देश्य पहाड़ी इलाकों में कनेक्टिविटी सुधारने का प्रयास है।

उन्होंने बताया कि पहाड़ों पर 40 किलोमीटर का सफर घुमावदार पहाड़ी रास्तों से तय करने में करीब 90 मिनट लगता है, उसे इस फ्लाइंग कार से महज 10 से 15 मिनट में ही पूरा किया जा सकेगा।

इंटरनेट की मदद से शोध करके और देश-विदेश से जरूरी उपकरण जुटाकर रवि और उनकी टीम ने लगभग 1 साल की लगातार मेहनत करने के बाद ही इस प्रोटोटाइप को तैयार किया है। रवि ने बताया कि वर्तमान में यह फ्लाइंग कार एक शुरुआती मॉडल है जो कि आरंभिक चरण में है। इसे पूरी तरह से कमर्शियल उपयोग में लाने के लिए अभी और भी उन्नत परीक्षणों, सुरक्षा सुधारों और सरकार से जरूरी रेगुलेटरी मंजूरी की आवश्यकता होगी।

अल्मोड़ा के काफलीखान गांव के रहने वाले रवि टम्टा पहले भी कई शानदार जमीनी आविष्कारों के चलते चर्चाओ में रह चुके हैं। उन्होंने चलते समय पैर के दबाव से मोबाइल चार्ज करने की तकनी, वन विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए जीपीएस (GPS) से लैस विशेष स्टिक, इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) को बेहद कम समय में और कम लागत पर चार्ज करने का सिस्टम.बांस काटने की मशीन और टायर पंचर का खास लिक्विड सॉल्यूशन भी बनाने में सफलता हासिल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *