देहरादून/रुद्रपुर
उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले में पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओजी रुद्रपुर और रुद्रपुर कोतवाली की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये कीमत का 558.78 किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि यह कार्रवाई “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई। रविवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बागवाला फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान कैंटर (UP81 FT 5851) को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में सुतली के गट्ठरों के भीतर छिपाकर रखे गए 18 प्लास्टिक कट्टों और तीन स्कूल बैग में भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से रुद्रपुर निवासी संजय गुप्ता, मैनपुर निवासी डीटू यादव और मोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे गांजा ओडिशा के सोनपुर से लाकर रुद्रपुर में सप्लाई करने की योजना बना रहे थे।
एसएसपी के अनुसार, यह जिले में अब तक पकड़ी गई गांजे की सबसे बड़ी खेप है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने तस्करी नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने यह भी बताया कि मुख्य आरोपी संजय गुप्ता की करीब 3 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को 7,500 रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।
प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने में जुटी है।