देहरादून/ पिथौरागढ़
पिथौरागढ़ जिले के नाचनी क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष 75 वर्षीय एडवोकेट कुंदन सिंह बथियाल की गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में कार सवार दो अन्य लोग भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए बेस अस्पताल अल्मोड़ा रेफर किया गया है।
अल्मोड़ा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे हुंडई वाहन संख्या UK04A-2999 बाड़ेछीना से नाचनी की ओर जा रहा था। इसी दौरान कांचुला पुल के समीप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही धौलछीना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
हादसे में नाचनी निवासी कुंदन सिंह बथियाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार नाचनी निवासी 32 वर्षीय गणेश कुमार और नाचनी के ही भूपेंद्र प्रसाद घायल हो गए। दोनों को पहले बाड़ेछीना के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेस अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार कुंदन सिंह बथियाल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे। वह पूर्व में ब्लॉक प्रमुख और व्यापार संघ अध्यक्ष भी रह चुके थे। बताया जा रहा है कि वह गुरुवार सुबह कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अल्मोड़ा में आयोजित रैली में शामिल होने गए थे और वापस नाचनी लौटते समय यह हादसा हो गया।
स्वर्गीय बथियाल अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों का परिवार छोड़ गए हैं। उनके एक पुत्र दिल्ली में नौकरी करते हैं, जबकि दूसरे पुत्र नाचनी में व्यवसाय से जुड़े हैं। उनके निधन की खबर से नाचनी क्षेत्र समेत पूरे जिले में शोक की लहर है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।