छत्तीसगढ़
रायपुर में चल रहे कांग्रेस अधिवेशन में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजनीति से संन्यास लेने का संकेत दे दिया है। माना जा रहा है कि वह 2024 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी।
दरअसल, कांग्रेस के 85वें अधिवेशन में एक वीडियो प्ले किया गया जिसमें सोनिया गांधी के पार्टी के प्रति योगदान और उनकी उपलब्धियों को दर्शाया गया था।
सोनिया गांधी ने इस वीडियो के बाद भावुक संबोधन दिया।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष और यूपीए शासन के समय के अपने कार्यकाल को लेकर कही गई बातों के लिए सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने ये भी कहा कि साल 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद से अब तक 25 साल में हमने बड़ी उपलब्धियां भी हासिल कीं और निराशा का समय भी देखा।सोनिया गांधी ने 2004 और 2009 के लोकसभा चुनाव में मनमोहन सिंह के नेतृत्व में मिली जीत को बड़ी उपलब्धि बताया।
अधिवेशन में बीजेपी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार संवैधानिक मूल्यों को कुचल रही है और संवैधानिक संस्थाओं पर RSS-BJP का कब्जा है। इस दौरान सोनिया ने भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि इसने जनता को कांग्रेस के साथ जुड़ाव को जीवंत किया है, यहां उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा की सफलता के लिए राहुल गांधी के साथ ही कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के साथ ही मेरी राजनीतिक पारी समाप्त हो सकती है, ये कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ा महत्वपूर्ण मोड़ है। हालांकि उनकी इस बात को लेकर सियासी गलियारों में उनके राजनीतिक रूप से सन्यास को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।