डूंगरा बोरा से लोहाघाट की तरफ आ रही कार 200 मीटर गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की जान चली गई और एक व्यक्ति घायल हो गया – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

डूंगरा बोरा से लोहाघाट की तरफ आ रही कार 200 मीटर गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की जान चली गई और एक व्यक्ति घायल हो गया

देहरादून/लोहाघाट

चंपावत जिले में मंगलवार 4 नवंबर को डूंगरा बोरा से लोहाघाट आ रही कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाने से दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घटना स्थल पर खाई में उतर रेस्क्यू अभियान चलाया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, चंपावत जिले के लोहाघाट विकासखंड के सीमांत क्षेत्र डूंगरा बोरा में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। इस दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

मौके से प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहाघाट विकास खंड के ग्राम डूंगरा बोरा निवासी मुकेश कुमार पुत्र फकीर राम मंगलवार सुबह अपनी टैक्सी वैगन आर UK03 TA/2479 से लोहाघाट की ओर आ रहे थे। कार में मनीषा पुत्री हजारी राम और विक्रम राम पुत्र सुरेश राम सवार थे।

बताया गया कि डूंगरा बोरा के पास पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक मुकेश कुमार और मनीषा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि विक्रम राम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल विक्रम कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह खाई से निकलकर सड़क पर पहुंचे और ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस और प्रशासन की सहायता से रेस्क्यू कार्य में जुट गए। पुलिस ने दोनों शवों को खाई से निकालकर पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है.

उधर सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार लोहाघाट जगदीश सिंह नेगी के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

क्षेत्र के तहसीलदार जगदीश नेगी ने बताया दुर्घटना में मुकेश कुमार उम्र 28 वर्ष पुत्र फकीर राम निवासी डूंगरा बोरा और मनीषा उम्र 22 वर्ष पुत्री हजारी राम की मौके पर मौत हो गई है. जबकि विक्रम राम उम्र 24 वर्षी गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें जिला चिकित्सालय चंपावत उपचार हेतु भेज दिया गया है।

तहसीलदार नेगी ने बताया दोनों शवों का आयुष्मान आरोग्य मंदिर डूंगरा बोरा में पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जांच जारी है। दुर्घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *